बेंगलुरु , मई 27 -- कर्नाटक प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने बुधवार को सत्तारुढ़ कांग्रेस पर अपना हमला तेज करते हुए राज्य में शीघ्र विधानसभा चुनाव की संभावना जताई और कहा कि सरकार के भीतर सत्ता के लिए आंतरिक संघर्ष गहरा रहा है।

श्री विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रशासन गुटबाजी और नेतृत्व संकट से जूझ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच चल रहे सत्ता संघर्ष ने शासन व्यवस्था को पंगु बना दिया है और प्रशासनिक स्थिरता को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की लगातार बैठक तथा मंत्रिमंडल में फेरबदल और नेतृत्व परिवर्तन की योजनाओं को लेकर अटकलें सत्तारुढ़ पार्टी के भीतर सत्ता के स्पष्ट संकट को दर्शाती हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच चल रही चर्चाओं ने कर्नाटक में संभावित राजनीतिक व्यवस्था को लेकर हलचल बढ़ा दी है, जिसमें नेतृत्व परिवर्तन या जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण शामिल है , हालांकि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर ऐसे किसी संकट से इनकार करते हुए अटकलों को निराधार बताया है।

इस बीच भाजपा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी इस बहस में पीछे नहीं रहे और चेतावनी दी कि श्री सिद्दारमैया को मुख्यमंत्री पद से हटाने के किसी भी कदम के गंभीर राजनीतिक परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्री सिद्दारमैया जैसे प्रमुख ओबीसी नेता को हटाना पिछड़े समुदायों को "गलत संदेश" देगा और कांग्रेस के साथ-साथ इंडिया गठबंधन को भी राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने आगे तर्क दिया कि ऐसा निर्णय ओबीसी प्रतिनिधित्व के प्रति कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाएगा, खासकर अगर यह वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ओर से लिए जो हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित