बेंगलुरु , सितंबर 15 -- कर्नाटक पुलिस ने तुमकुरु जिले में संदिग्ध नक्सली उप्पर वेंकटेश की तलाश के लिए ड्रोन और कई विशेष टीमों की मदद से बड़ा अभियान शुरू किया है। माना जा रहा है कि वह पावागड़ा तालुक के पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में छिपा है।
क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध नक्सली द्वारा कथित तौर पर लिखा गया पत्र मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। कनकलाबेंडे के आसपास 10 से अधिक गांवों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल के नेतृत्व में पांच विशेष पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। इनमें एक पुलिस उपाधीक्षक, पांच निरीक्षक और 10 उपनिरीक्षक शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार को सुबह छह से 10 बजे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन कैमरों से उन दुर्गम पहाड़ी और वन क्षेत्रों की निगरानी की गयी, जहां संदिग्ध के छिपे होने की आशंका है।
तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक ने कहा कि प्रारंभिक जांच में वेंकटेश के कनकलाबेंडे में मिले नक्सली पत्र से जुड़े होने का संदेह सामने आया है। पुलिस ने कहा कि उसका पता नहीं चल पाने के कारण उसके पहाड़ियों और जंगलों में छिपे होने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित