बेंगलुरु , अप्रैल 13 -- कर्नाटक के लगभग 30 कांग्रेस विधायक राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की मांगों को लेकर पार्टी हाईकमान से मिलने दिल्ली गये हैं।

इन विधायकों में अशोक पठान, एस एन नारायणस्वामी, के. सदाक्षरी, ए आर कृष्णमूर्ति, पुत्तरंगा शेट्टी और बेलूर गोपाल कृष्ण शामिल हैं, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। विधायक टी बी जयचंद्र ने कहा कियह समूह मंत्रिमंडल पुनर्गठन की मांगों के साथ-साथ संगठनात्मक मुद्दों को भी उठाएगा।

विधायकों के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल औररणदीप सुरजेवाला तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिलने की उम्मीद है।

विधायकों के अनुसार, उनकी मुख्य मांग में यह सुनिश्चित करना भी शामिल है कि जिन नेताओं ने पहले कई मंत्रिमंडलीय कार्यकाल पूरे कर लिये हैं, उन्हें दोबारा मंत्री पद न दिया जाये और जिन वरिष्ठ विधायकों को अभी तक स्थान नहीं मिला है, उन्हें मौका दिया जाये। उन्होंने तर्क दिया कि इस कदम का उद्देश्य सामूहिक जिम्मेदारी एवं व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा था कि दो साल बाद मध्यावधि मंत्रिमंडल समीक्षा की जायेगी, लेकिन लगभग तीन साल के कार्यकाल के बाद भी ऐसा कुछ नहीं किया गया है। विधायकों ने मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की मांग की है और लगभग 25 नये मंत्री पदों के सृजन का सुझाव दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली की उनकी यात्रा विवादित नहीं है, बल्कि पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी मांगों को रखने का एक सामूहिक प्रयास है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित