. बागलकोट , मार्च 23 -- कर्नाटक के बागलकोट निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं है और यहां भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार डॉ. वीरन्ना चरंतिमठ ने सोमवार को शहर के सहायक आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी, सांसद जगदीश शेट्टार और वरिष्ठ नेता गोविंद कारजोल शामिल थे, जिन्होंने उम्मीदवार को अपना समर्थन दिया है।

नामांकन दाखिल करने से पहले शहर में एक रोड शो का आयोजन किया गया और संक्षिप्त जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। भाजपा और उसके नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाए गए और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उम्मीदवार को कार्यालय तक ले जाने के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा।

कार्यक्रम स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विजयेंद्र ने भाजपा की जीत की संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त किया और कहा कि बागलकोट में कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं और जीत प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और मजबूत जमीनी समर्थन के साथ पार्टी ने इस सीट पर जीत हासिल करने का पक्का इरादा कर लिया है।

राज्य में सत्तारुढ़ कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के प्रति जनता का असंतोष बढ़ रहा है, जो भाजपा के पक्ष में काम करेगा। उन्होंने आगे कहा कि विकासोन्मुखी राजनीति, संगठनात्मक शक्ति और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस बीच, स्थानीय भाजपा नेताओं ने मतदान से पहले समर्थन जुटाने के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्र में बूथ स्तर पर लामबंदी एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को तेज कर दिया है। जानकारी के अनुसार, पार्टी नेता चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं और स्थानीय विकास के मुद्दों को प्रमुखता देने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित