बेलगावी , अक्टूबर 30 -- कर्नाटक के पूर्व मंत्री एवं बेलगावी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद शिवानंद हेम्पा कौजालगी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे।

श्री कौजालगी बेलगावी जिले के बेलहोंगल से तीन बार विधायक रहे और 1996 में चुने जाने के बाद उन्होंने लोकसभा में बेलगावी का प्रतिनिधित्व किया। बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते शुक्रवार तड़के बेलहोंगल स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय राजनीति से दूर थे।

वह 1985, 1989 और 1994 में बेलहोंगल से कर्नाटक विधानसभा के लिए चुने गये थे। वर्ष 1994 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद, उन्होंने जनता दल सरकार में लोक निर्माण मंत्री के रूप में सेवाएं दी। वर्ष 1996 में वह जनता दल के टिकट पर बेलगावी लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गये। वह कर्नाटक लिंगायत एजुकेशन (केएलई) सोसाइटी के अध्यक्ष रहे और विशेष रूप से उत्तरी कर्नाटक में शैक्षिक अवसरों के विस्तार में योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित