तुमकुरु , मार्च 20 -- कर्नाटक में तुमकुरु जिले के हुलियारु पुलिस थाने में पुलिस हिरासत में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं।

रिपोर्टाें के मुताबिक, पुलिस ने यालानाडू गांव में जुए की सूचना पर छापा मारकर छह लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें मृतक कंथराजू भी शामिल थे। पुलिस स्टेशन लाने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और वे गिर पड़े, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने शुक्रवार को कहा कि मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सीआईडी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि यह मौत गुरुवार को पूछताछ के दौरान हुई, हालांकि इसके सटीक कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

इस घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट का आरोप लगाया। सैकड़ों लोगों ने थाने के बाहर इकट्ठा होकर मुख्य गेट को बाहर से बंद कर दिया और शव को थाने के अंदर रखकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि कंथराजू की मौत दिल का दौरा पड़ने से भी हो सकती है, जो तनाव के कारण हुआ हो। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक केवी अशोक ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और मृतक के परिवार से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित