रेवाड़ी , नवंबर 1 -- कर्नाटक की नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. सुधा यादव का रविवार को उनके पति के पैतृक गांव धमलवास में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल बनने के बाद यह गांव की उनकी पहली यात्रा थी। हरियाणा दिवस और कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

इस दौरान डॉ. सुधा यादव ने अपने पति और कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने 26 मई 1999 की घटनाओं को याद करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी क्षेत्र के लोगों ने हमेशा उनका साथ दिया। एक स्कूली शिक्षिका से राज्यपाल तक के सफर में लोगों का सहयोग, आशीर्वाद और विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि एक नवंबर का दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन उनके गृह राज्य हरियाणा और कार्यक्षेत्र कर्नाटक का स्थापना दिवस मनाया जाता है। उन्होंने दोनों राज्यों की निरंतर प्रगति और नागरिकों की खुशहाली की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित