बेंगलुरु , जून 01 -- कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की घोषणा कर दी गई है।
पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित चार सदस्यों का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने वाला है।
कर्नाटक विधानसभा सचिव और रिटर्निंग अधिकारी एम.के. विशालाक्षी की की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार इन चार सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा। जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है , उनमें श्री देवेगौड़ा और श्री खड़गे के अलावा अन्य सदस्यों में इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा शामिल हैं।
चुनाव प्रक्रिया आज अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी और उम्मीदवार 11 जून तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच होगा, जिसके बाद उसी दिन शाम पांच बजे वोटों की गिनती होगी।
नामांकन पत्र विधान सौध की पहली मंजिल पर कमरा संख्या 121 या 127बी में, सार्वजनिक छुट्टियों को छोड़कर, कार्य दिवसों पर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच जमा किए जाने हैं। नियमों के अनुसार प्रत्येक उम्मीदवार को विधानसभा के कम से कम 10 निर्वाचित सदस्यों का समर्थन प्राप्त होना चाहिए, जबकि जमानत राशि सामान्य उम्मीदवारों के लिए 10,000 रुपये और एससी/एसटी उम्मीदवारों के लिए 5,000 रुपये निर्धारित की गई है।
अधिसूचना में आगे कहा गया है कि मतदान बेंगलुरु स्थित विधान सौध के कमरा संख्या 106 में होगा। मतदान में विशालाक्षी रिटर्निंग अधिकारी और बी.एस. महालिंगेश सहायक रिटर्निंग अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित