बेंगलुरु , मई 26 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एम वीरप्पा मोइली ने कर्नाटक में नेतृत्व समस्या का हल निकलने की ओर इशारा करते हुए कहा है कि मामला अब नयी दिल्ली में पार्टी आलाकमान के आखिरी फैसले की ओर अग्रसर है।

श्री मोइली ने मंगलवार को कहा कि नेतृत्व और संगठनात्मक मुद्दों के ऊपर लंबे समय से जारी अंदरूनी बहस अब बातचीत से आगे बढ़ गयी थी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष मौजूद थी।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "सभी बहसें, चर्चाएं और विचार-विमर्श समाप्त हो गये हैं। अब अंतिम फैसले की घड़ी आ गयी है। सभी नेता समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस मुख्यालय पर मौजूद हैं।"राजनीतिक गलियारों में श्री मोइली की टिप्पणियों को एक अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही एक ठोस राजनीतिक फ़ॉर्मूले के साथ सामने आ सकता है। इसका मकसद कर्नाटक की सत्ता संरचना, मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावनाओं और अलग-अलग गुटों की आपसी अपेक्षाओं को लेकर महीनों से चल रही अटकलों को खत्म करना होगा।

किसी भी नेता का नाम लिए बिना, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने इस बात पर ज़ोर दिया कि एक बार आलाकमान कोई फ़ैसला ले ले तो 2028 के विधानसभा चुनावों तक राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सभी नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को उसका पालन करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित