बेंगलुरु , मई 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने चिक्कमगलुरु में भाजपा एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर 'गुंडागर्दी' का आरोप लगाया है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब चिक्कमगलुरु के बाहरी इलाके रामपुरा में बाहरी रिंग रोड परियोजना के निरीक्षण के दौरान भाजपा विधान पार्षद सीटी रवि और कांग्रेस विधायक एचडी थम्मैया के समर्थक आपस में भिड़ गए तथा सड़क निर्माण में देरी के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए नारेबाजी करने लगे।
जहां, श्री रवि ने दावा किया कि उनकी गाड़ी को जबरन रोकने के कारण विवाद शुरू हुआ था, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि श्री रवि ने करीब दो दशकों तक इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन रिंग रोड परियोजना को गति तब मिली जब श्री थम्मैया ने इसमें हस्तक्षेप किया। दूसरी ओर, श्री रवि का कहना है कि उन्होंने इस परियोजना के लिए मंजूरी बहुत पहले ही दिला दी थी और इसके काम में देरी के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है।
तनाव बढ़ता देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में चिक्कमगलुरु के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार दयामा ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जानबूझकर श्री रवि की गाड़ी रोकने और अशांति फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में श्री रवि के साथ दुर्व्यवहार करने की इतनी हिम्मत कहां से आई और उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है? उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराने का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया पर निशाना साधते हुए कर्नाटक भाजपा प्रमुख ने कहा कि इस घटना पर सरकार की 'चुप्पी' राज्य के मौजूदा हालातों को बयां करती है। जो कांग्रेस सरकार एक पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, उससे आम नागरिकों की रक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित