बेंगलुरु , जुलाई 11 -- कर्नाटक पुलिस ने एक पाकिस्तानी महिला और उसके बेटे को वीजा समाप्त होने के बाद अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से आधार कार्ड , वोटर तथा राशन कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज बरामद किए हैं।
राज्य के चिकबल्लापुर जिले की बागेपल्ली पुलिस ने बताया आरोपियों की पहचान पाकिस्तानी नागरिक फरनाज और उसके बेटे मोहम्मद फरदीन खान के रूप में हुई है। वे दासगरेपल्ली गांव में वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में ही रह रहे थे। तलाशी के दौरान, जांचकर्ताओं ने आधार कार्ड, वोटर कार्ड, राशन कार्ड और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड सहित कई भारतीय पहचान दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके बाद इस बात की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है कि विदेशी नागरिकों को ये दस्तावेज कैसे प्राप्त हुए। जांचकर्ताओं को संदेह है कि यह एक बड़े पहचान पत्र घोटाले का हिस्सा हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित