हल्द्वानी , जून 13 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुजुर्ग कर्नल दंपत्ति को झांसा देकर लाखों रुपये के आभूषण ठगने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी के सोने के कंगन भी बरामद हुए हैं। उसके फरार साथी की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश इन्क्लेव, लालडांठ विठौरिया निवासी सेवानिवृत्त कर्नल कुंदन सिंह कालाकोटी ने 12 मई को थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि 11 मई को दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे और पत्थर तथा आभूषण चमकाने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान दोनों ने कर्नल दंपत्ति को अपने प्रभाव में लेकर घर में रखे सोने के चार कंगन, दो चेन और एक अंगूठी ठग कर फरार हो गए।

पुलिस ने थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बाजपुर बस अड्डे के पास दबिश देकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से ठगी गए दो सोने के कंगन बरामद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित