सिरसा , जुलाई 18 -- हरियाणा में सिरसा जिला परिषद के प्रमुख कर्ण चौटाला ने शनिवार को जिले के कई गांवों का दौरा कर लोगों को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष इनेलो की ओर से चौधरी देवीलाल की जयंती 27 सितंबर को मेवात में मनाई जाएगी, जिसमें हरियाणा सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कर्ण चौटाला ने केलनियां, खाजाखेड़ा, रंगड़ी, सलारपुर, नटार, शहीदांवाली, मोडियाखेड़ा, चौबुर्जा, धिंगतानिया, नेजिया, अली मोहम्मद, चाडीवाल, साहुवाला, कैरांवाली, नारायणखेड़ा और नहराणा सहित कई गांवों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने बताया कि मुस्लिम समाज के एक प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए इनेलो नेतृत्व ने 25 सितंबर के बजाय 27 सितंबर को देवीलाल जयंती मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेवात पहुंचकर चौधरी देवीलाल को श्रद्धांजलि अर्पित करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस दौरान उन्होंने लोगों से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की भी अपील की।
इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, सिरसा हलकाध्यक्ष गुरविंद्र सिंह, कालांवाली हलकाध्यक्ष जसविंद्र बिंदु, मास्टर गुरतेज सिंह, रेश कुसुंबी और सत्यनारायण कुलड़िया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित