शाहजहांपुर , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र में कर्ज और बिजली बिल से परेशान एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री के नाम मृत्यु पूर्व पत्र लिखकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या की जानकारी होती तो उसका समाधान अवश्य कराया जाता। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को संबोधित मृत्यु पूर्व पत्र में विद्युत बिल माफ किए जाने का उल्लेख था, जिसके बाद प्रशासन की ओर से मृतक का पूरा बिजली बिल जमा करा दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने गुरुवार को बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के नाहिल गांव निवासी कार्मेंद्र विक्रम सिंह (65) ने अपने घर के बाहर पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से मुख्यमंत्री के नाम लिखा गया एक मृत्यु पूर्व पत्र भी बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार पत्र में मृतक ने उल्लेख किया था कि उस पर निजी कर्ज और बिजली का बकाया है, जिसे माफ किया जाए तथा उसके परिवार को परेशान न किया जाए। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक पर करीब 50 हजार रुपये का प्राइवेट कर्ज था, जबकि बिजली का बकाया लगभग 32 हजार रुपये था।
उन्होंने बताया कि मृतक का एक बेटा निजी स्कूल में अध्यापक है, दूसरा बेटा निजी नौकरी करता है तथा बहू भी निजी विद्यालय में शिक्षिका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित