अजमेर , सितम्बर 20 -- राजस्थान में अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक परिवार ने कर्जदारों से परेशान होकर सामूहिक रूप से मौत को गले लगा लिया।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि गढ़ी मालियान के अशोक नगर में अपने पुत्र के कर्जदारों से परेशान अशोक शर्मा ने शनिवार रात अपने परिवार के सदस्यों को विषाक्त पदार्थ खिलाकर खुद भी सेवन किया। जिसके चलते परिवार के मुखिया सहित पत्नी और उसकी पुत्री ने दम तोड़ दिया जबकि उसका पुत्र की हालत गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि अशोक (59) पिछले कई दिनों से कर्ज से परेशान था। कर्ज मांगने वाले उसे आए दिन परेशान करते थे जिसके चलते उसने शनिवार रात सामूहिक आत्महत्या करने की योजना बनाई और अपनी पत्नी इंदिरा (52), पुत्री दीक्षा (20) और अपने पुत्र हार्दिक को जहरीली वस्तु खिला दी। बाद में उसने खुद भी उसी विषाक्त का सेवन कर लिया।
चारों की हालत बिगड़ने पर पड़ोस में हड़कंप मच गया। पड़ोस में रहने वाले पड़ोसियों ने मिलकर चारों को बेहोश हालत में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती करवाया। रात्रि करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचने पर कुछ देर के उपचार के बाद अशोक कुमार, उसकी पत्नी इंदिरा और पुत्री दीक्षा की मौत हो गई। उसके पुत्र की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सामूहिक आत्महत्या से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, आत्महत्या किन किन कारणों से की गई इसकी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित