चंडीगढ़ , मार्च 16 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब में आम आदमी पार्टी ( आप) सरकार के चार साल पूरे होने पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि इस सरकार की मुख्य उपलब्धियां राज्य पर कर्ज का भारी बोझ , गैंगस्टरवाद और नशे का विस्तार रही हैं।

श्री जाखड़ ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री गैंगस्टरवाद को अंतरराष्ट्रीय समस्या बताकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते हैं। उनके अनुसार, हर पंजाबी इस मुद्दे पर सरकार की असलियत जानता है। रोजमर्रा की आपराधिक घटनाओं के कारण लोग डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। लोगों को फिरौती के फोन आ रहे हैं, जबकि सरकार दावा कर रही है कि सब कुछ नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि यदि नशा खत्म करने के सरकार के दावे सच होते, तो पुलिस को लोगों से ग्राम समितियां बनाकर रात का पहरा देने की अपील नहीं करनी पड़ती।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके "सुपर मुख्यमंत्री" अब खनन से 20,000 करोड़ रूपए जुटाने के अपने चुनावी वादे पर चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध खनन खुलेआम हो रहा है और सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है कि इसका पैसा कहाँ जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का दावा करने वाली पार्टी अब इसी पैसे से चल रही है?श्री जाखड़ ने कहा कि मुफ्त और सस्ती बिजली के बहाने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन (पीएसपीसीएल) को दिवालियेपन की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह स्थिति अंततः निजीकरण की ओर ले जा सकती है, और उसके बाद पंजाब के उपभोक्ताओं पर जो बोझ पड़ेगा, उसकी लोग आज कल्पना भी नहीं कर सकते।

"शिक्षा क्रांति मॉडल" को विफल बताते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि अगर रंग बदलने से क्रांति आती है तो गिरगिट सबसे बड़ा क्रांतिकारी होता। उन्होंने तर्क दिया कि यदि 'आप' नेताओं को वास्तव में अपनी शिक्षा क्रांति पर भरोसा होता, तो वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजते। जब उनके अपने विधायक ही इस मॉडल को स्वीकार नहीं करते, तो जनता इस पर कैसे विश्वास कर सकती है?भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और "भ्रष्टाचार की दरें" बढ़ गई हैं। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्षी कांग्रेस और आप एक साथ काम करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने राजस्थान की उन कंपनियों का उदाहरण दिया, जिन पर कांग्रेस सरकार के दौरान बस बॉडी बनाने के नाम पर पंजाब सरकार को करोड़ों का चूना लगाने का आरोप था; अब वही कंपनियां 'आप' सरकार द्वारा फिर से अनुबंध पा रही हैं।

श्री जाखड़ ने कहा कि समाज का हर वर्ग सरकार से नाखुश है। सरकारी कर्मचारियों को उनका महंगाई भत्ता नहीं मिल रहा है, और सरकार कृषि नीति लागू करने में विफल रही है। इसके बजाय, मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि केंद्र सरकार को कृषि के मुद्दे को संभालना चाहिए, जबकि यह राज्यों के अधिकार क्षेत्र में आता है। यह सरकार केवल विज्ञापनों के सहारे जीवित है। वास्तव में, 'आप' सरकार पंजाब के इतिहास में जनता के लिए अब तक की सबसे खराब सरकार साबित हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित