भरतपुर , जुलाई 09 -- राजस्थान के करौली शहर में गुरुवार अपराह्न खान एवं भू विज्ञान विभाग के जर्जर ऑफिस भवन की छत से अचानक प्लास्टर से वहां कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गयी।
घटना के समय कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। छत से गिरे मलबे के टुकड़े पास रखे कंप्यूटरों पर भी गिरे लेकिन कर्मचारी सुरक्षित बच गये। घटना में किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आयी लेकिन छत से अचानक प्लास्टर का मलबा गिरने से कर्मचारियो में भय व्याप्त हो गया।
उल्लेखनीय है कि इस विभाग का भवन वर्ष 1992 में निर्मित हुआ था और लंबे समय से इसकी स्थिति बदहाल है। छत से पानी का रिसाव, प्लास्टर का झड़ना और लोहे के सरियों का बाहर निकलना यहां आम बात हो गयी है। भवन की दीवारों में भी कई स्थानों पर दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। भवन की जर्जर स्थिति से उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत भी कराया गया।
सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इस भवन को दो वर्ष पहले ही जर्जर घोषित कर दिया था। नये भवन के निर्माण के लिए 31.57 लाख रुपए का प्रस्ताव भी भेजा गया है लेकिन इसके निर्माण की प्रक्रिया अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित