भरतपुर , अप्रैल 26 -- राजस्थान के करौली में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट के गहरा जाने से त्राहि-त्राहि मची हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोग एक एक बूंद पानी के लिए दरबदर घूमने के लिए मजबूर है। जलदाय विभाग के सूत्रों ने बताया कि जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन सवा करोड़ लीटर पानी की आवश्यकता है, लेकिन 46 नलकूपों से केवल 76 लाख लीटर पानी ही मिल पा रहा है जिसकी वजह से शहर में रोजाना करीब 50 लाख लीटर पानी की कमी बनी हुई है।

जलापूर्ति से त्रस्त शहर की अनाज मंडी, सायनाथ, खिड़कियां अंदर क्षेत्र, भूडारा बाजार, पुरानी सब्जी मंडी और वजीरपुर गेट जैसे अन्य कई क्षेत्रों के कई परिवारों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। दो दिन पहले जिला कलेक्टर ने शहर का दौरा करके जलापूर्ति तंत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, लेकिन इन निर्देशों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित