जयपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत करौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा किंग की करीब 35 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को चिह्नित कर कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में होटल, मकान, जयपुर के फ्लैट, जमीन और लग्जरी गाड़ी सहित कई संपत्तियों को जब्त करने के लिए न्यायालय में आवेदन पेश किया है।
करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि करौली निवासी अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन (50 न केवल ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खिलाड़ी है बल्कि वह वर्ष 2022 में करौली में हुए सांप्रदायिक दंगों का मुख्य षड्यंत्रकारी भी रहा है।
आरोपी लंबे समय से करौली, हिण्डौन, गंगापुर सिटी और जयपुर में अपने एजेंटों के माध्यम से 'क्रिकेट लाइव गुरु ऐप' जैसे माध्यमों से करोड़ों का सट्टा कारोबार चला रहा था। हाल में हिण्डौन सिटी थाना पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया में चल रही 'बिग बैश लीग' पर सट्टा लगाते हुए इसके एजेंटों को गिरफ्तार किया गया था, जिनसे पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। 'ऑपरेशन शटर डाउन' के तहत अब तक इस गिरोह के 16 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास मौजूद संपत्ति उसकी घोषित आय से कई गुना अधिक है। आरोपी के किसी वैध व्यवसाय या नियमित आय के स्रोत का पता नहीं चला है। अधिकांश संपत्तियां नकद राशि देकर खरीदी गई हैं और बैंक खातों में भी वैध आय के ट्रांजेक्शन नहीं पाए गए।
पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, आयकर विवरण, वाहन दस्तावेज और राजस्व रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की है। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा अर्जित संपत्तियां अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई हैं। इसके आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 107 के तहत संपत्ति कुर्क करने के लिए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हिण्डौन सिटी की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस जांच में आरोपी की करीब 35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियां चिह्नित की गई हैं, जिनमें एक आलीशान होटल, एक मकान, जयपुर में दो फ्लैट, एक दुकान का भूखंड, 19 बीघा सात बिस्वा जमीन और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित