भरतपुर , मई 21 -- राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र में डाबरा गांव के क्षेत्रपाल धाम मंदिर परिसर में 24 दिन के अंदर दूसरी बार तेंदुए के आने से वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की हिदायत दी है। विभागीय सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार देर रात तेंदुआ मंदिर परिसर में पहुंचा और वहां घूम रहे कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

इससे पहले 27 अप्रैल को भी इसी मंदिर परिसर में तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना निशाना बनाया था। तेंदुए के आने से क्षेत्र में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भय व्याप्त है।

क्षेत्रपाल धाम में तड़के तीन बजे से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाता है, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल होते हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित