नयी दिल्ली , अगस्त 21 -- दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार की सुबह एक दोमंजिला इमारत को गिराने के दौरान एक मजदूर की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।

अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा मध्य दिल्ली के रेगरपुरा में प्यारे लाल रोड पर शुक्रवार की सुबह करीब 11:15 बजे तब हुई, जब मजदूर एक पुरानी इमारत को गिरा रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इमारत के मालिकों ने संबंधित एजेंसी से बगैर अनुमति लिए इमारत को गिराने के लिए प्राइवेट ठेकेदारों को काम पर रखा।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि इमारत गिराने के काम के दौरान अचानक ढह गयी , जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गये।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि मजदूरों में से एक शेख शमशाद को गंभीर चोटें आयी और बाद में उसकी मौत हो गयी। उसके शव को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएचएमसी) अस्पताल के मुर्दाघर में भेजा गया। एक अन्य मजदूर मोहम्मद अयूब की हालत गंभीर है और उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया है। उसके सिर में चोट लगी और दाहिना हाथ टूट गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित