भरतपुर , मई 20 -- राजस्थान में करौली जिले के नारौली डांग रेंज की पहाड़ियों में बुधवार को आग लगने से चिरोल, धोक, देशी बबूल जैसे कई प्रकार के पेड़-पौधे और घास-फूस जलकर राख हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगल में सूखी झाड़ियां और पत्तियां बड़ी मात्रा में होने के कारण आग और तेजी से फैली। इस आग से वन क्षेत्र में रहने वाले जीव-जंतुओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने की सूचना पर गंगापुर सिटी और सपोटरा रेंज के वन विभाग के दल के साथ दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे।

सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से मिट्टी डालकर और पेड़ों की टहनियों का उपयोग करके आग पर नियंत्रण पाया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

गौरतलब है कि इससे पहले 10 मई को रानेटा पौधारोपण क्षेत्र और 14 मई को नारौली डांग वन क्षेत्र में भी आग की घटनाएं हो चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित