नयी दिल्ली , सितंबर 17 -- दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक घर से करीब 3 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण और नकदी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो घरेलू नौकरों और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की योजना चोरी की रकम से नेपाल जाकर एक भव्य रेस्टोरेंट-कैफे खोलने की थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अनिल कामत (22, निवासी सुपौल, बिहार) के रूप में हुई है। इसके अलावा कामत के ससुर देव चंद्र साह (49) और एक नाबालिग नौकर (निवासी गिरिडीह, झारखंड) को भी इस मामले में पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन करोड़ रुपये मूल्य के 117 सोने व हीरे के आभूषण, 4.34 लाख रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए गए बैग बरामद कर लिए हैं।
मामले का खुलासा 6 सितंबर को हुआ जब शिकायतकर्ता अंशुमन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई अनुज गुप्ता दो सितंबर को परिवार सहित विदेश गए थे। जब उन्होंने मॉल रोड स्थित घर का मुआयना किया तो अलमारियों के ताले टूटे मिले और नकदी व आभूषण गायब थे। घटना के बाद से ही परिवार द्वारा पिछले महीने रखे गए दोनों घरेलू नौकर लापता थे और उनके फोन बंद आ रहे थे।
मामले की तफ्तीश के लिए पुलिस टीम ने दिल्ली, बिहार और झारखंड में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपियों की लोकेशन मॉल रोड से आईएसबीटी, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन और फिर मुकरबा चौक की ओर ट्रेस की गई। तकनीकी निगरानी और साइबर इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीमों ने बिहार के दरभंगा और सुपौल तथा झारखंड के गिरिडीह में छापेमारी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित