मुरादाबाद , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में करोड़ों की फर्जी फर्मों और जाली बिल्टियों के जरिए बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड समेत दो लोगों को पुलिस की साइंटिफिक इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराध शाखा द्वारा तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर 33 से अधिक बोगस फर्मों का नेटवर्क उजागर करते हुए गैंग के मुख्य सूत्रधार भगवान सिंह उर्फ भूरा प्रधान और उसके सहयोगी रविन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक (अपराध) सुभाष चंद्र गंगवार ने बुधवार को बताया कि राज्य कर अधिकारी सुनील कुमार डागर की तहरीर पर सिविल लाइन्स थाने में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान यह बड़ी सफलता हासिल हुई। आरोपी लंबे समय से विभिन्न राज्यों में फर्जी कंपनियां बनाकर जाली ई-वे बिल और कंप्यूटराइज्ड बिल्टियों के सहारे टैक्स चोरी का धंधा चला रहे थे।
पूछताछ में मुख्य आरोपी भगवान सिंह उर्फ भूरा प्रधान ने पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि वह वर्ष 2024 से स्क्रैप लदे वाहनों को उत्तर प्रदेश में पास कराने का ठेका लेता था। व्यापारियों से एकमुश्त रकम लेकर वह बिहार, झारखंड आदि राज्यों से स्क्रैप वाली गाड़ियों को मुजफ्फरनगर और मंडी गोविंदगढ़ जैसे स्थानों पर पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालता था।
इस काम के लिए वह अपने ऑफिस में रखे युवक रविन्द्र से फर्जी दस्तावेज बनवाता था। ये सभी जाली बिल्टियां, ई-वे बिल और फर्मों के कागजात उसके फर्जी व्हाट्सएप नंबर पर भेजे जाते थे, जिन्हें वह व्यापारियों को उपलब्ध करा देता था। अब तक लगभग 33 फर्जी फर्में बनाई जा चुकी हैं। कुछ फर्में हरियाणा के राहुल ने भी उपलब्ध कराई थीं। जहां पहले वह श्री मुनी जी ट्रांसपोर्ट की बिल्टियों का इस्तेमाल करता था, जबकि अब माझी एंटरप्राइजेज (रांची रोड, रामगढ़) और श्री बाबा ट्रेडर्स के नाम से फर्जी बिल्टियां जारी कर रहा था। मंडी गोविंदगढ़ का रहने वाला हेमंत भी गिरोह का हिस्सा है और लंदन स्थित व्हाट्सएप नंबर से कमीशन कैश में दिलवाने में मदद करता था।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुख्य आरोपी समेत रविन्द्र के नाम अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों में मुरादाबाद (सिविल लाइन), आजमगढ़ (कंधरापुर), बरेली (कैंट), हरदोई (कोतवाली सिटी), वाराणसी (चेतगंज) और गाजीपुर (कोतवाली)। मुख्य आरोपी भगवान सिंह उर्फ भूरा प्रधान (निवासी हताना, कोसी कलां, बरसाना मथुरा में दो मामले और अलीगढ़ (रोरावर) में श्री बाबा ट्रेडर्स के नाम पर एक मामला दर्ज है।
एसआईटी की टीम अब गिरोह के अन्य सदस्यों और संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित