जयपुर , जनवरी 19 -- राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के तहत सोमवार को यहां से करीब एक हजार वरिष्ठ नागरिक जगन्नाथपुरी की यात्रा पर रवाना हुए।
देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त रतनलाल योगी ने बताया कि इन यात्रियों को लेकर दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से जगन्नाथपुरी-कोणार्क वाया सवाईमाधोपुर-सोगारिया (कोटा) विशेष ट्रेन रवाना हुई। इस गाड़ी में 1002 लोग सवार हुए जिनमें दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से 570 जबकि सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से 400 वरिष्ठ नागरिक यात्री तथा 32 लोग सहयोगी स्टाफ के शामिल हैं। ट्रेन में छह दिन तक यात्रियों के आवास, भोजन आदि की समस्त व्यवस्थाएं राज्य के देवस्थान विभाग द्वारा की जायेगी, फलतः यात्रियों के लिए यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
इस ट्रेन को भाजपा जयपुर शहर के जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025-26 के तहत वरिष्ठ नागरिकों को राजस्थान वाहिनी भारत गौरव वातानुकूलित ट्रेन द्वारा निःशुल्क तीर्थ यात्रा पर रवाना किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित