मुरैना , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिद्धक्षेत्र करह धाम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को आयोजित होने वाले विशाल मेले को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुरैना ने करह आश्रम परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर मेले की तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।

बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम संचालन, ड्रोन कैमरों से निगरानी और यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वन एवं राजस्व विभाग को ड्रॉप गेट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग, मार्गों की मरम्मत और आवश्यक पेचवर्क कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने, वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जनपद पंचायत को श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, टैंकर और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेकरी से करह धाम तक अस्थायी रूप से ई-रिक्शा और ऑटो संचालन की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित