ग्वालियर , अक्टूबर 29 -- करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने वाली महिला की उसके पति ने कथित तौर पर मूसली से वार कर हत्या कर दी। घटना ग्वालियर में मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर की है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की सूचना दी और थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्यागी नगर निवासी आनंद श्रीवास्तव का गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर पत्नी मधु श्रीवास्तव से विवाद हो गया। इसके बाद आनंद ने रसोई में इस्तेमाल होने वाली मूसली से मधु के सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने महिला के शव को घर के अंदर चादर से ढंक दिया और पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में आरोपी थाने पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार, आनंद और मधु ने वर्ष 2010 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित