भिण्ड , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में करवा चौथ की रात सोते समय एक महिला को सांप ने दो बार डस लिया। नींद खुलने पर महिला ने सांप को पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पति उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वह मृत सांप को भी पॉलीथिन में रखकर साथ ले गया, ताकि चिकित्सक उसकी पहचान कर सकें।
जानकारी के अनुसार पांडरी निवासी रुक्मणी परिहार (32) करवा चौथ का व्रत रखे हुए थीं। रात में घर पर सोते समय सांप ने उन्हें दो बार डस लिया। अचानक हुई घटना से उनकी नींद खुल गई और उन्होंने सांप को पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद उनके पति रणवीर परिहार उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वे मृत सांप को भी साथ ले गए, ताकि चिकित्सकों को उसकी पहचान करने और उपचार में मदद मिल सके। अस्पताल में महिला का उपचार किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत में सुधार बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित