करनाल , जनवरी 14 -- हरियाणा के करनाल में आवारा कुत्तों के आतंक का एक गंभीर मामला सामने आया है। घर के बाहर खेल रहे एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला बुरी तरह नोंचकर घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को करनाल में घर के बाहर खेल रहे बच्चे को तीन-चार कुत्तों ने घेरकर उस पर झपट्टा मारा और शरीर के कई हिस्सों में बुरी तरह काट लिया। अचानक हुए इस हमले से बच्चा संभल नहीं पाया और जमीन पर गिर गया। कुत्ते उसे लगातार नोचते रहे, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे की जान बचाई। परिजन तुरंत घायल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बच्चे के शरीर पर गहरे घाव पाए गए, जिनमें आठ टांके लगाने पड़े। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है लेकिन वह मानसिक रूप से काफी डरा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित