करनाल , जुलाई 28 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की करनाल इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना कुंजपुरा में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अनुज को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, करनाल में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके चचेरे भाई प्रेमचंद, अत्तर सिंह, सुरेंद्र (पुत्र लोटी राम), अखिल (पुत्र सुरेंद्र) तथा अन्य के खिलाफ दर्ज शिकायत में कार्रवाई खत्म करने के बदले एएसआई ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि वह पहले ही 10 हजार रुपये ले चुका था और शेष 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित