चंडीगढ़ , मई 14 -- हरियाणा सरकार ने करनाल और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दिया है। यह निर्णय शेष परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और संबंधित विभागों को परिसंपत्तियों के सुचारू हस्तांतरण के लिए लिया गया है।
यह जानकारी मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय उच्चाधिकार संचालन समिति की बैठक में दी गयी, जिसमें दोनों शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन की प्रगति की समीक्षा की गयी।
बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप परियोजनाओं का विस्तार किया गया है, ताकि नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ मिलता रहे।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने बताया कि फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 916.83 करोड़ रुपये की 46 परियोजनाएं शुरू कीं, जिनमें 32 पूरी हो चुकी हैं। करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने 930 करोड़ रुपये की 122 परियोजनाएं शुरू कीं, जिनमें 86 पूरी हो चुकी हैं।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को शेष परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित