मुंबई , अक्टूबर 22 -- बॉलीवुड अभिनेता करण टैकर ने स्कॉटलैंड में अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू कर दी है।करण टैकर ने सोशल मीडिया पर शूटिंग के पहले दिन की तस्वीर साझा कर इसकी जानकारी दी, हालांकि प्रोजेक्ट से जुड़ी अन्य जानकारियों का खुलासा नहीं किया है।

करण ने तस्वीर के साथ लिखा, "एक नया प्रोजेक्ट, एक नया अध्याय और एक बड़ा जोखिम। अभी ज्यादा कुछ नहीं बता सकता, लेकिन कभी-कभी सबसे बड़े जोखिम ही सबसे रोमांचक सफर की शुरुआत करते हैं। अभी और भी बहुत कुछ आने वाला है।"तस्वीर में करण बढ़े हुए बालों और घनी दाढ़ी के साथ नए अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके बदले हुए लुक और पोस्ट में दिए गए संकेतों ने नए प्रोजेक्ट को लेकर प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

हालांकि, करण टैकर ने अभी तक प्रोजेक्ट की कहानी, इसमें अपनी भूमिका और अन्य कलाकारों के बारे में जानकारी साझा नहीं की है। स्कॉटलैंड में शूटिंग शुरू होने के साथ उनके प्रशंसकों को अब इस नए प्रोजेक्ट से जुड़े अगले खुलासे का इंतजार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित