मुंबई , जून 15 -- फिल्म निर्माता करण जौहर ने अभिनेता अली फज़ल और उनकी चर्चित वेब सीरीज़ 'राख' की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि यह सीरीज़ उन्हें भावनात्मक रूप से झकझोर देने वाली साबित हुई।करण जौहर ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'राख' देखने के बाद वह अपनी भावनाएं व्यक्त किए बिना नहीं रह सके। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक, एक इंसान और समाज के सदस्य के रूप में यह सीरीज़ मानवता के सबसे भयावह और असहज पक्ष को सामने लाती है।उन्होंने निर्देशक प्रोसित रॉय की कहानी कहने की शैली, भावनात्मक गहराई और विषय पर मजबूत पकड़ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी दिखावे के एक बेहद प्रभावशाली कथा प्रस्तुत की है।

करण ने अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर के अभिनय को उनके करियर की सबसे यादगार प्रस्तुतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों कलाकारों ने असहनीय त्रासदी से गुजर रहे माता-पिता के दर्द को इतनी सजीवता से पर्दे पर उतारा है कि दर्शक उससे गहराई से जुड़ जाते हैं।

करण जौहर ने अली फज़ल के अभिनय की विशेष प्रशंसा करते हुए उन्हें उनके "शानदार और दमदार काम" के लिए बधाई दी। साथ ही आकाश मखीजा और रमणदीप यादव के अभिनय की भी सराहना की। उन्होंने 'राख' को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्राइम वीडियो और पूरी टीम को भी बधाई दी।

करण जौहर की इस प्रशंसा से अभिभूत अली फज़ल ने उनकी पोस्ट को साझा करते हुए आभार व्यक्त किया। अली ने लिखा कि वह सुबह ऐसी दिल छू लेने वाली सराहना के साथ जागे हैं, वह भी ऐसे व्यक्ति से जिनका वह बेहद सम्मान करते हैं।

करण जौहर की प्रतिक्रिया के बाद 'राख' और उसमें अली फज़ल के अभिनय को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। दर्शक और फिल्म जगत से जुड़े लोग उनके प्रदर्शन को उनके करियर की सबसे प्रभावशाली प्रस्तुतियों में से एक बता रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित