धार , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में राजपूत करणी सेना ने जिला अध्यक्ष केवल सिंह चावड़ा पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नौगांव थाने का घेराव किया।
जानकारी के अनुसार 23 मार्च को नौगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने करणी सेना के जिला अध्यक्ष केवल सिंह चावड़ा पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। घटना के विरोध में गुरुवार को संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि हमले में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जाए।
इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सहिंद्र सिंह और महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित