प्रयागराज , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले की करछना तहसील में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) भारती मीणा के खिलाफ अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में तालाबंदी कर सम्पूर्ण कार्यों का बहिष्कार कर दिया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के चैंबर में ताला जड़ दिया तथा न्यायालय के गेट पर धरना देकर बैठ गए। अधिवक्ताओं का यह आंदोलन 25 फरवरी से जारी है, जो अब अनिश्चितकालीन हड़ताल का रूप ले चुका है।
करछना तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि एसडीएम कोर्ट में कोई भी कार्य नहीं हो रहा है और करीब 400 से अधिक फाइलें आदेश के लिए लंबित पड़ी हैं। उनका आरोप है कि किसी भी मामले में सुनवाई नहीं हो रही और हर मामले में केवल अगली तारीख दी जा रही है, जिससे अधिवक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं ने नोडल अधिकारी एडीएम से भी इस संबंध में शिकायत की थी, जिस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि सोमवार को एसडीएम ने पुलिस बल बुलाकर जबरन कोर्ट चलाने का प्रयास किया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा और मामलों की सुनवाई नियमित रूप से शुरू नहीं होगी, तब तक कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित