भीलवाड़ा , अगस्त 25 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र में मंगलवार को बिजली विभाग के ठेकेदार के अधीन काम कर रहे एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भेरू जाट के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से ठेकेदार के साथ बिजली विभाग का कार्य कर रहा था।
हादसे की सूचना मृतक के गांव में पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण रायला पावर हाउस के बाहर एकत्रित हो गए। उन्होंने बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार की लापरवाही एवं कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सड़क पर यातायात अवरुद्ध कर दिया।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीण फिलहाल मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और इस हादसे की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित