श्रीगंगानगर , जून 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में सत्यमनगर कॉलोनी में सोमवार को करंंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान चिनाई मिस्त्री संदीप वर्मा (45) और मजदूर अमरीकसिंह (70) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि सत्यमनगर में पवन वर्मा नामक एक व्यक्ति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। आज मकान की छत पर एक दीवार बनाई जा रही थी। निर्माण कार्य में मिस्त्री संदीप वर्मा और दो मजदूर काम में लगे थे। अपराह्न करीब चार बजे छत पर वे लोहे के सरिये ले जाए जा रहे थे। तभी एक सरिया पास में ही 11 हजार वोल्टेज की बिजली लाइन से छू गया, जिससे संदीप और अमरीकसिंह को करंट लग गया और दोनों अचेत होकर गिर गए।
पुलिस ने बताया कि साथी मजदूर और आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित