अलवर , फरवरी 09 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खैरथल थाना क्षेत्र में सोमवार को शादी समारोह की तैयारियों के दौरान टेंट लगाते समय लोहे की पाइप 11 हजार क्षमता की विद्युत लाइन के सम्पर्क में आने से एक मजदूर की मौत हो गयी जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि मातौर गांव में जिंदोली में कार्यरत पंचायत सेक्रेटरी उर्मिला देवी की बेटी की 10 फरवरी को शादी के समारोह में टेंट लगाने का काम कराया जा रहा था। टेंट कार्य के दौरान मजदूर नितिन और मोनू पाइप लगा रहे थे। इसी दौरान लोहे की पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन से छू गई। इससे लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित होने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को खैरथल के सेटेलाइट अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है।उसका उपचार जारी है। फिलहाल इस मामले में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित