लखनऊ , अप्रैल 02 -- कम और समय से वेतन न मिलने से आक्रोशित सीएम हेल्पलाइन के 200 कर्मचारी गुरुवार को लखनऊ में सड़क पर उतर आए। साइबर टावर के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ कूच किया, मगर मौके भारी पुलिस बल ने उन्हें संगीत नाटक अकादमी के पास रोक दिया। इस दौरान काफी मान-मनौव्वल और कुछ कर्मियों के सीएम से मुलाकात का आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी शांत हुए।

साइबर टॉवर से कर्मचारी नारेबाजी करते हुए लोहिया पथ के जरिए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर बढ़ने लगे तो मार्च के दौरान पुलिस ने कई बार उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और संगीत नाटक अकादमी के पास बैरिकेडिंग कर दी गई। इसके बाद भी जब कर्मचारी नहीं माने, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें सड़क किनारे किया।

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने आरोप लगाया कि उनसे कार्यालय में मोबाइल फोन जमा करा लिए जाते हैं और तय वेतन भी नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि 15 हजार रुपये मासिक वेतन का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उन्हें केवल 7 से 8 हजार रुपये ही मिलते हैं। साथ ही, वेतन में देरी और कई बार दो महीने तक भुगतान रोकने की शिकायत भी सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित