पीथमपुर , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में शनिवार को वार्डों में कचरा वाहन नहीं निकले। नगर पालिका के कचरा वाहन चालकों ने कम वेतन और भविष्य निधि व कर्मचारी राज्य बीमा जैसी सुविधाओं के अभाव को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें ठेका प्रथा के तहत रखा गया है। पूर्व ठेकेदार उन्हें उचित वेतन दे रहा था, लेकिन अब सीटा डील नामक नई एजेंसी द्वारा वेतन घटाकर 10,500 रुपये निर्धारित किया गया है। वाहन चालक हीरालाल रघुवंशी ने बताया कि पहले वेतन 12,900 रुपये था। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पूरा वेतन नहीं मिलेगा, वाहन वार्डों में कचरा नहीं उठाएंगे।

नगर पालिका के विभाग प्रभारी रवि देवड़ा ने बताया कि सरकार द्वारा सभी कर्मचारियों के लिए फेस रीडिंग से हाजिरी अनिवार्य की गई है। कुछ कर्मचारियों की हाजिरी न होने के कारण वेतन में कटौती हुई हो सकती है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को इस मामले में अवगत कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित