हिसार , अक्टूबर 01 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए हरियाणा में कम पानी और कम संसाधनों से अधिक उत्पादन देने वाली कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना जरूरी है। टिकाऊ कपास उत्पादन, फसल विविधीकरण और जल संरक्षण भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित कृषि व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में दो दिवसीय कृषि मेले (रबी) का उद्घाटन किया। उन्होंने कृषि प्रदर्शनी का दौरा कर उन्नत बीजों, कृषि मशीनरी और आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कपास चुनने वाली मशीन एक एकड़ में करीब एक घंटे में कपास चुन सकती है। ऐसी तकनीकों से श्रम की कमी के बावजूद कपास और गन्ने की खेती को बढ़ावा मिलेगा।

श्री सैनी ने बताया कि कपास किसानों को जागरूक करने के लिए 257 फील्ड स्कूल लगाए गए और 7 हजार से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि धान के बजाय वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने के लिए 'मेरा पानी-मेरी विरासत' योजना के तहत अब तक 15 लाख किसानों को 166.34 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई पर 85 प्रतिशत तक सब्सिडी और तालाब निर्माण पर भी 85 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। प्रदेश में 1.6 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने ड्रोन, सेंसर तकनीक, डिजिटल मौसम सूचना और सटीक खेती को कृषि का अभिन्न हिस्सा बताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत 23 किस्तों में 7,881.60 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। पीएम-कुसुम के तहत 1,95,653 सोलर पंप लगाए गए हैं। फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसानों को सब्सिडी पर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. बीआर कंबोज ने कपास उत्पादकता बढ़ाने, स्वदेशी कपास की खेती और ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित