भुवनेश्वर , जुलाई 24 -- चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों से सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान है, जिससे अगले कुछ दिनों में पद्रेश भर में भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम बुलेटिन के मुताबिक तटीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव क्षेत्र और गहरा सकता है। इससे पूरे ओडिशा में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 25 से 28 जुलाई के बीच राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान ब्राह्मणी, वैतरणी, सुवर्णरेखा, बूढ़ाबलंग और महानदी नदी प्रणालियों के जलग्रहण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बारिश होने की उम्मीद है, जिससे इन प्रमुख नदियों में पानी का स्तर बढ़ जायेगा।
मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों और निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि विकसित हो रही मौसम प्रणाली के कारण पूर्वानुमान अवधि के दौरान नदी घाटियों में भारी बारिश हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित