भोपाल , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नीट परीक्षा परिणाम में ओएमआर शीट और मार्कशीट के अंकों में कथित असमानता सहित विभिन्न शिकायतों का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।
श्री कमलनाथ ने आज जारी बयान में कहा कि नीट परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर पिछले कई वर्षों से सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं और पूरा देश नीट परीक्षा में पारदर्शिता चाहता है।
उन्होंने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि नीट परीक्षा परिणाम में ओएमआर शीट और मार्कशीट के अंकों में भारी असमानता सामने आई है। इसके अलावा अंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के तीन-चार घंटे के भीतर ही परिणाम घोषित किए जाने को लेकर भी अभ्यर्थियों ने शिकायतें की हैं।
श्री कमलनाथ ने कहा कि सतर्कता के दावों के बावजूद परीक्षा परिणाम में इस प्रकार की कथित अनियमितताओं का सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। उन्होंने मांग की कि परीक्षा परिणाम से संबंधित सभी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित