नई दिल्ली , मई 1 -- ारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सांसद पी संदोष कुमार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रूपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है।

श्री कुमार ने कहा कि यह बढ़ोतरी सरकार की "असफल कूटनीतिक विदेश नीति" का सीधा परिणाम है, जो वैश्विक ऊर्जा अस्थिरता के बीच भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईंधन की आपूर्ति और कीमतों में स्थिरता सुनिश्चित करने के बजाय सरकार की नीतियों ने देश को असुरक्षित स्थिति में छोड़ दिया है। इसका सीधा असर अब रेस्टोरेंट, ढाबों, छोटे भोजनालयों, हॉस्टल, पीजी आवास और अन्य छोटे कारोबारों पर पड़ रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि इस बढ़ोतरी का तत्काल प्रभाव खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों और जीवनयापन के खर्च में वृद्धि के रूप में सामने आएगा, जिससे आम जनता सबसे ज्यादा प्रभावित होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के ठीक एक दिन बाद हुई यह बढ़ोतरी उनकी पार्टी की उस चेतावनी को सही साबित करती है, जिसमें कहा गया था कि चुनाव खत्म होते ही एलपीजी और अन्य ईंधन के दाम बढ़ाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित