महासमुंद , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिटकी में एक परिवार के छह सदस्यों पर हमला करने के बाद कमरे में बंद किए गए तेंदुए का रविवार को वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल रात ग्राम झिटकी में एक तेंदुआ यादव परिवार के घर में घुस गया था और परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। हमले के बाद परिवार के सदस्यों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू की तैयारी शुरू की गई। इसके लिए सफारी जंगल से 10 सदस्यीय विशेषज्ञ दल को बुलाया गया। टीम ने बंद कमरे में पिंजरा लगाकर सावधानीपूर्वक अभियान चलाया और तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रेस्क्यू किए गए तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित