रायबरेली , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के नाजपुर मजरे सरायं भान गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान गांव निवासी सुजीत सिंह (22) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार सुजीत के परिजनों ने शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि घटना की कोई तहरीर परिजनों ने नही दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित