बारां , मई 24 -- राजस्थान में कोटा रेंज के नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हरेंद्र कुमार ने रविवार को बारां जिले का एक दिवसीय औपचारिक दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने बताया कि श्री कुमार ने सबसे पहले रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया और परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई।

श्री कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। एसपी सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी एवं थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में हत्या, लूट, डकैती जैसे जघन्य एवं संगठित अपराधों की रोकथाम, महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित अनुसंधान और प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण आर्म्स एक्ट और मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अधिक प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित