चंडीगढ़ , जून 28 -- पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने संत कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे।

श्री संधवां ने रविवार को अपने एक संदेश में कहा कि संत कबीर दास ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और धार्मिक कट्टरता का डटकर विरोध किया। उन्होंने मानवता को प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देते हुए संकीर्ण सोच से ऊपर उठने की प्रेरणा दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में भगत कबीर जी की वाणी का शामिल होना उनकी महान आध्यात्मिक सोच और समानता पर आधारित समाज की परिकल्पना का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि संत कबीर की शिक्षाएं मानवता, सत्य और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाती हैं।

श्री संधवां ने पंजाब के लोगों से संत कबीर दास जी के बताए सत्य, मानवता और सामाजिक सौहार्द के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों को अपनाकर एक बेहतर, समावेशी और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित