बैतूल , जून 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के धार्मिक नगरी मुलताई के पटेल वार्ड स्थित कबीर कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर रहवासियों का आक्रोश सामने आया है।
कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका आरोप है कि कॉलोनाइजर ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग तथा रेरा के नियमों के अनुरूप कॉलोनी का समुचित विकास नहीं किया, जिसके कारण वर्षों से लोगों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नगरपालिका के उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि कॉलोनाइजर को नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि निर्धारित समय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
रहवासियों के अनुसार चिरायु कॉलोनाइजर द्वारा विकसित इस कॉलोनी में कई परिवार पिछले तीन से सात वर्षों से निवास कर रहे हैं। लोगों ने प्लॉट खरीदकर नगरपालिका की अनुमति से मकानों का निर्माण कराया, लेकिन कॉलोनी में अब तक जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कॉलोनी में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से उन्हें निजी खर्च पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ते हैं। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों का अभाव, खराब सड़कें, क्षतिग्रस्त नालियां, जल निकासी की समस्या, पार्कों का अधूरा विकास, बच्चों के खेल उपकरणों की बदहाल स्थिति, सफाई व्यवस्था में कमी, सुरक्षा व्यवस्था का अभाव तथा बाउंड्रीवाल नहीं होने जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं।
समस्याओं के निराकरण के लिए कबीर कॉलोनी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलोनी निवासी निर्भय सिंह रघुवंशी के आग्रह पर नगर पालिका परिषद मुलताई की अध्यक्ष नीतू प्रहलाद परमार स्वयं कॉलोनी पहुंचीं और रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नागरिकों ने पेयजल संकट, नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।
नगरपालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं उपयंत्री द्वारा कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किए जाने और एफआईआर की चेतावनी के बाद रहवासियों को उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान जल्द हो सकेगा।
जनसंवाद कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू, भाजपा नेता प्रहलाद परमार, पार्षद अजय यादव, पूर्व पार्षद श्रवण नागले, एल्डरमैन सुनीता नागले, मंडल महामंत्री राघवेंद्र रघुवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित