रायपुर/कबीरधाम , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सोमवार को कबीरधाम जिले के भोरमदेव मंदिर परिसर में आयोजित "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

श्री शर्मा सोमनाथ अमृत महोत्सव कार्यक्रम के वर्चुअल प्रसारण से जुड़ने के लिए भोरमदेव मंदिर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वे गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए पूजा-अर्चना के साक्षी बने तथा उनका संबोधन सुना।

श्री मोदी ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर के स्वर्णिम इतिहास, विदेशी आक्रांताओं द्वारा किए गए हमलों, मंदिर के पुनर्निर्माण की यात्रा तथा देशभर में आस्था के केंद्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन भारत की प्राचीन संस्कृति और सभ्यता के गौरवपूर्ण स्मरण का अवसर है। उन्होंने कहा कि इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाएं समय के साथ भले ही स्मृतियों से ओझल हो जाती हैं, लेकिन उन्हीं घटनाओं ने देश की सांस्कृतिक चेतना को आकार दिया है।

उन्होंने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पूर्व विदेशी आक्रांताओं ने सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण कर इसके वैभव को नष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन आज वही सोमनाथ मंदिर अपने भव्य स्वरूप में देश की सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक बनकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ भारत की संस्कृति और आत्मसम्मान का मानबिंदु है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन देशभर के शिवालयों में किया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक चेतना और पुनर्जागरण का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में निर्मित श्रीराम मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। इतिहास से सीख लेकर ही मजबूत भविष्य का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने भोरमदेव मंदिर पर्यटन कॉरिडोर विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर परियोजना का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके अंतर्गत मंदिर परिसर, म्यूजियम, मेला स्थल, गार्डन, कांवड़ियों के विश्राम स्थल, मड़वा महल, छेरकी महल तथा सरोदा डैम के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना की नियमित समीक्षा प्रत्येक सोमवार को अधिकारियों, इंजीनियरों, कंसल्टेंट और ठेकेदारों के साथ की जाती है ताकि सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जा सकें। साथ ही बूढ़ा महादेव परिसर के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत कांवड़ियों के लिए विशाल डोम का निर्माण भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण सदस्य भगत पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष बोड़ला नंद श्रीवास, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित